निघासन। चारा लेने गई लालबोझी निवासी एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया। शोर मचाने पर तेंदुआ उसे छोड़कर भाग गया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लालबोझी निवासी स्व. तौलेराम की 45 वर्षीय पत्नी सुनीता ने बताया कि शनिवार अपराह्न ढाई बजे वह चारा लेने खेत पर गई थी। वह सिर झुकाकर गन्ने की अगेड़ी काट रही थी। इसी दौरान गन्ने के खेत में छुपे बैठे तेंदुए ने उसका सिर दबोच लिया। शोर मचाने पर लोग आ गए। शोर सुनकर तेंदुआ उसे छोड़कर भाग गया। एंबुलेंस से उसे अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम राजीव निगम, तहसीलदार भीमचंद और रेंजर गजेंद्र सिंह ने पीड़ित का हाल जाना और 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद की। रेंजर ने लोगों को अकेले खेत जाने से मना किया है।
शुक्रवार की रात इसी गांव के जसकरन की गोशाला में घुसकर तेंदुआ ने उसमें बंधी बछिया को मार डाला। इसके पहले रामेश्वर की बछिया को तेंदुए ने मार डाला था। शुक्रवार रात रामनरेश के गौशाला के छप्पर पर तेंदुआ चढ़ गया। छप्पर सड़ा होने के कारण वह नीचे गोशाला में बंधे मवेशी पर गिर गया। जानवरों के चिल्लाने पर लोग आ गए और तेंदुआ भाग गया।
गांव के लोगों को चेतावनी दी गई है। सात दिनों से तेंदुआ होने की सूचना मिल रही है। खेतों में अकेले जाने से मना किया गया है। – गजेंद्र सिंह रेंजर, लुधौरी
ढाका गांव में घुसा बाघ का जोड़ा, दहशत
बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की मैलानी रेंज से सटे ढाका गांव में शनिवार सुबह करीब 10 बजे बाघ का एक जोड़ा घुस आया। आबादी में बाघों को चहलकदमी देख ग्रामीणों में भगदड़ मच गई।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। टीम जब तक पहुंची बाघों का जोड़ा गन्ने के खेत में छिप चुका था। किसानों ने बताया कि एक बाघ रिटायर्ड पीसीएस अधिकारी के गन्ने के खेत में छिपा हुआ है, जबकि दूसरा कुछ दूरी पर गन्ने के खेत में है। इससे गन्ने की छिलाई प्रभावित हो रही है।
बाघों का चल रहा प्रणय सीजन
वन्यजीव विशेषज्ञ एवं डब्ल्यूटीआईके पूर्व प्रोजेक्ट हेड प्रेमचंद्र का कहना है कि दिसंबर-जनवरी का महीना बाघों का प्रणय सीजन होता है। इन दिनों अक्सर बाघ को बाघिनों के साथ जोड़े में देखा जाता है। इसी समय बाघ सबसे ज्यादा आक्रामक भी होता है। उसके चलते सावधानी बरतने की खास जरूरत है। माना जाता है कि बाघिन का पीछा करते हुए बाघ खेतों और आबादी के नजदीक तक आ जाता है।
दो बाघों के ढाका गांव की आबादी तक पहुंचने की सूचना मिली है। वन कर्मियों की टीम मौके पर भेजी गई है। गन्ने के खेतों में बाघों के छिपे होने की जानकारी मिली है। निगरानी कराई जा रही है। ग्रामीणों से सतर्कता बरतने को कहा गया है।