उन्नाव। रात से सुबह तक रुक, रुककर 12 घंटे में 8.83 मिमी बारिश हुई। इस बारिश से जहां तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं जलभराव से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुरुवार रात 10 बजे से शुक्रवार सुबह 10 बजे तक रुक, रुककर बारिश होती रही। इस दौरान सदर में आठ, सफीपुर में 12, बीघापुर में दो, बांगरमऊ में पांच, हसनगंज में 20 व पुरवा तहसील में छह मिमी बारिश रिकार्ड की गई। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे।
गुरुवार को जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम पारा 27 डिग्री था, वहीं शुक्रवार को तापमान घटकर क्रमश: 28 व 24 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बारिश से कई स्थानों पर धान की फसलें गिर गई हैं। किसानों का कहना है कि अगर बारिश लगातार जारी रही तो दाना भीगकर खराब हो सकता है। इससे पैदावार प्रभावित होगी।
बांगमरऊ बाजार में घुटनों तक भरा पानी
बांगरमऊ। शुक्रवार सुबह से ही नगर सहित आस पास के क्षेत्र में रुक रुक बारिश हुई। नगर पालिका की ओर से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न करने से नगर की चूड़ी वाली गली, सीएचसी परिसर, नौनिहालगंज बाजार, स्टेशन रोड, न्यू कटरा सहित अन्य जगहों पर जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवागमन में दिक्क्त हुई। नगर की चूड़ी वाली गली बाजार जाने का मुख्य मार्ग है। दोपहर में पानी दुकानों तक पहुंच गया।