उत्तर प्रदेश के इको-टूरिज्म स्थलों पर प्लास्टिक की बोतलें ले जाने पर प्रतिबंध लगने जा रहा है। पर्यटकों से क्यूआर कोड वाली प्लास्टिक की बोतलें जमा करवाई जाएंगी और पर्यटन स्थल से बाहर निकलने पर उन्हें बोतलें वापस कर दी जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देना है। इस बारे में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने विभाग को निर्देश जारी कर दिए हैं।
Abhigya Times, लखनऊ। पर्यटन विभाग ने पर्यावरण संरक्षण के लिए इको पर्यटन स्थलों के अंदर प्लास्टिक की बोतलें लेकर जाने पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। क्यूआर कोड लगाकर प्लास्टिक की बोतलों को पर्यटकों से जमा करवाया जाएगा, पर्यटन स्थल के बाहर आने पर उन्हें बोतलें वापस कर दी जाएंगी। साथ ही विभाग की तरफ से पर्यटकों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। पिछले वर्ष 48 करोड़ पर्यटकों ने प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया था। इस वर्ष यह संख्या और ज्यादा होने की उम्मीद की जा रही है। जनवरी से जून 2024 के मध्य 33 करोड़ पर्यटकों का आगमन प्रदेश में हो चुका है।