उन्नाव। गंगाघाट (शुक्लागंज) स्थित रेलवे गंगापुल पर मरम्मत का काम चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार, तेजी से स्लीपर डालने का काम हो रहा है। उम्मीद है कि 26 अप्रैल तक काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद इस रूट की ट्रेनें बहाल कर दी जाएंगी। इससे यात्रियों को राहत मिल जाएगी।
कानपुर और उन्नाव के बीच गंगापुल के अप ट्रैक की मरम्मत का काम 20 मार्च से शुरू हुआ था। यह काम 30 अप्रैल तक के लिए अप लाइन पर रोज नौ घंटे के मेगा ब्लॉक लेकर किया जा रहा है। इससे कानपुर-लखनऊ रूट की 52 ट्रेनों का रूट बदला गया था। वहीं, 26 ट्रेनें निरस्त भी कर दी गई थीं। इसके बाद यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे 12179 व 12180 लखनऊ इंटरसिटी ट्रेन को मेगा ब्लॉक के दौरान लखनऊ से आगरा, मथुरा, कासगंज, वाया सीतापुर चला रहा था। रेलवे ने इसमें बदलाव करते हुए दोबारा कानपुर-लखनऊ रूट से ही संचालित करना शुरू कर दिया।
इसके अलावा 12003 शताब्दी एक्सप्रेस का रूट लखनऊ, मुरादाबाद व गाजियाबाद किया गया था। इसमें बदलाव करते हुए दोबारा लखनऊ-कानपुर से गुजारा जा रहा है। 22121 व 22122 लखनऊ एलटीटी एक्सप्रेस मेगा ब्लॉक के कारण कानपुर तक ही संचालित की जा रही थी। अब यह ट्रेन लखनऊ तक चलाई जा रही है। वहीं लखनऊ से चलकर चेन्नई जाने वाली 16094 एक्सप्रेस ट्रेन जो आधा घंटा देरी से चलाई जा रही थी। उसे दोबारा निर्धारित समय पर संचालित किया गया।
इसके बाद 64211 लखनऊ- कानपुर मेमू पैसेंजर डेढ़ घंटा देरी से चल रही थी। इसे लखनऊ से केवल आधा घंटा देरी से चलाई जा रही है। इससे यात्रियों को काफी राहत मिली है। रेलवे अधिकारियों का कहना है काम तेजी से हो रहा है। इससे पांच दिन पहले ही काम खत्म होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस कारण जल्द ही अन्य ट्रेनें भी बहाल हो सकती हैं, ताकि यात्रियों को जल्द ही राहत मिल सके।
काम तेजी से कराया जा रहा है। समय से काम पूरा कर लिया जाएगा। स्लीपर डालने का काम तो 26 अप्रैल तक पूरा हो जाना चाहिए, थोड़ा बहुत काम ही 30 अप्रैल तक के लिए बचेगा।